Monday, October 19th, 2026

उत्‍तर-पश्चिम भारत में 3-4 दिनों में गिरेगा तापमान, शीत लहर से गिरेगा पारा

नई दिल्ली
उत्तर भारत में ठंड का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जिससे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 से 13 जनवरी तक शीत लहर की स्थिति बन सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार तापमान गिरने के साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्‍तरी राजस्‍थान में शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है, जो अगले 3-4 दिन तक बरकरार रहेगा. वहीं महाराष्‍ट्र, गोवा, गुजरात और पश्चिमी मध्‍य प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की चादर के साथ धुंध देखने को मिली. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहने का अनुमान है. राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की जा रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा. जबकि पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है. हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है.

राजस्थान के अधिकांश हिस्से कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों में सर्दी और जोर पकड़ेगी. IMD के अनुसार 10 जनवरी से न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी जबकि 11-12 जनवरी राज्य के उत्तरी भागों में शीत लहर चलने का अनुमान है.

कश्मीर में पिछले कई दिनों से जारी बर्फबारी का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है. राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाके चारों ओर से बर्फ की चादर से ढके हुए हैं. दक्षिण कश्मीर में कुलगाम में पांच इंच, अनंतनाग में तीन, शोपियां में तीन और पुलवामा में चार इंच बर्फबारी दर्ज की गई है. उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा में दो इंच बर्फ गिरी वहीं मध्य कश्मीर के बडगाम और गांदेरबल जिलों में तीन इंच बर्फबारी हुई.

 

#उत्‍तर-पश्चिम#तापमान#शीत लहर

Source : Agency

पाठको की राय